रैवासा. चारण का बास तन पिपराली के बोलेरो चालक की गुरुवार को हत्या कर दी गई। हत्या से पहले उसकी आंखों में मिर्च डाली गई उसके बाद रस्सी से गला घोंटा गया। हत्यारे उसके शव को रानोली में डालने के लिए जा रहे थे लेकिन बीच में ही गाड़ी पलट गई। इससे आरोपी शव को छोड़कर भाग निकले। चारण का बास तन पिपराली निवासी अशोक कुमार पुत्र गजानंद स्वामी अपनी बोलेरो लेकर गुरुवार सुबह घर से निकला था। दोपहर बाद उसका शव गुढ़ा खुर्द गांव में स्थित ईंट भट्टे के पास उसी की गाड़ी में मिला। पुलिस मौके पर पहुंची तो बोलेरो गाड़ी पलटी हुई थी। अशोक के गले पर रस्सी के निशान व आंखों में मिर्च डाली हुई मिली हैं।
इस प्रकार दिया गया है वारदात को अंजाम : पुलिस मान रही है कि आरोपियों ने खंडेला इलाके में अशोक की हत्या की है। उसके बाद शव को फेंकने के लिए उसी की बोलेरो में लेकर जा रहे थे।
लूट पाट या प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है पुलिस : पुलिस के मुताबिक अशोक की किसी से रंजिश नहीं थी। उसकी हत्या लूट पाट के इरादे से हो सकती है। आंखों में मिर्च डालना भी लूटपाट की ओर इशारा कर रहा है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा भी हो सकता है।